Himachal – कॉलेज पुस्तकालय का नाम ‘कॉमरेड सिया गुलेरिया स्मृति पुस्तकालय’ रखने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी – स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी ने गुरुवार को उच्च शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट (जिला मंडी) के पुस्तकालय का नाम बदलकर “कॉमरेड सिया गुलेरिया स्मृति पुस्तकालय” रखा जाए। SFI के राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि कॉमरेड सिया गुलेरिया सरकाघाट महाविद्यालय की छात्रा और संगठन की सक्रिय छात्र नेता थीं। उन्होंने छात्र हितों, शिक्षा के अधिकार, लोकतांत्रिक मूल्यों, लैंगिक समानता और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर लगातार संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2026 में कॉलेज जाते समय उनकी दिनदहाड़े हुई नृशंस हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। घटना के बाद छात्रों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न लोकतांत्रिक संगठनों ने न्याय की मांग को लेकर व्यापक आंदोलन चलाया।

SFI का कहना है कि महाविद्यालय के पुस्तकालय का नाम कॉमरेड सिया गुलेरिया के नाम पर रखा जाना केवल एक श्रद्धांजलि नहीं होगी, बल्कि शिक्षा, समानता, सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान का प्रतीक भी बनेगा। संगठन का मानना है कि इससे आने वाली पीढ़ियों के विद्यार्थियों को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरणा मिलेगी। संगठन ने यह भी कहा कि यह कदम महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और प्रदेश में बढ़ रहे नशे के खतरे के विरुद्ध एक मजबूत सामाजिक संदेश देगा। साथ ही यह उन छात्राओं के साहस, संघर्ष और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को भी सम्मानित करेगा, जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास कर रही हैं।
SFI ने उच्च शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट के पुस्तकालय का नाम “कॉमरेड सिया गुलेरिया स्मृति पुस्तकालय” रखने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए और छात्र समुदाय की इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!