
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : जिला मंडी में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना करसोग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। नियमित नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार से 1.875 किलोग्राम चरस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना करसोग की टीम देहर मोड़, पझेतरी के समीप नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने होंडा सिटी कार (नंबर CH-01AK-4503) को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 1.875 किलोग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत कुमार निवासी तहसील सुन्नी, जिला शिमला, पदम सिंह निवासी उप-तहसील बगशाड़, जिला मण्डी तथा नरेश कुमार निवासी तहसील करसोग, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करते हुए आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 के तहत मामला पंजीकृत किया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद शुरुवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या नशा तस्करी का संगठित नेटवर्क शामिल है या नहीं। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Author: Daily Himachal News
About The Author










