
मंडी/नेरचौक : मंडी जिला के बल्ह विधानसभा के चंडयाल में कांग्रेस के पदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने हजारों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है। इसलिए पूरी एकजुटता के साथ काम करें और लोगों को घर-घर जाकर इस बात से अवगत कराया जाए कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता महंगाई बेरोजगारी से पूरी तरह से त्रस्त है, भाजपा की असली सूरत जनता को बताने के लिए हर कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी से कार्य करें और लोगों को इस बात से घर-घर जाकर अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है, लेकिन उसके लिए दिन रात मेहनत करनी होगी। प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि वह प्रदेश के विकास को गति देने में पूरी तरह से विफल साबित हुए हैं। अभी हाल ही में प्रधानमंत्री का प्रदेश में 2 दौरे हो चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री उनसे हिमाचल को कोई नई योजना और पैकेज दिलाने में पूरी तरह से नाकाम रहे हैं। इस बात से लगता है कि मुख्यमंत्री यह सब जान गए हैं कि अब आने वाले समय में उनकी सरकार नहीं आएगी और वह हिमाचल प्रदेश को 70 हज़ार करोड रुपए के कर्जे मे छोड़कर जाना चाहते हैं ताकि आने वाली सरकार को भी व्यवस्था चलाने में दिक्कत रहे। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार नाकाम सरकार साबित हुई है, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर महंगाई पर लगाम लगाने बेरोजगारी को दूर करने और भ्रष्टाचार पर प्रतिबंध लगाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुए हैं। पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला, नौकरियों के बेचने के आरोप प्रदेश सरकार पर लग रहे हैं। आने वाले समय में प्रदेश की जनता जयराम ठाकुर को नौकरी बेचने वाला मुख्यमंत्री कहेगी। उन्होंने कहा कि आज जनता को राशन खरीदना मुश्किल है, डिपो में राशन का पूरा कोटा नहीं मिल रहा है। जबकि शराब घर तक होम डिलीवरी के रूप में मिल रही है।

Author: Daily Himachal News
