December 2, 2023

देशभक्ति के सुनहले रंगों में खिला जिला मंडी मे, सेरी मंच पर विधानसभा अध्यक्ष ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज…!!!

1 min read

डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी

भारत के 77वें स्वतंत्रता दिवस पर संपूर्ण मंडी जिला देशभक्ति के सुनहले रंगों में खिला दिखा। जिला मुख्यालय समेत जिले के प्रत्येक उपमंडल में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरी गरिमा के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य पर मंडी के सेरी मंच पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व होमगार्ड की महिला तथा पुरुष टुकडि़यों द्वारा निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली।

पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि 15 अगस्त का दिन सभी भारतवासियों के लिए एक गौरवमयी दिवस है। भारत देश के वीर सपूतों,वीरांगनाओं के संघर्ष के बल पर वर्ष 1947 को इसी दिन देश ने आजादी पाई थी।उन्होंने सभी  स्वतंत्रता सेनानियों के तप, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए नमन किया, साथ ही देश की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने में प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने सभी लोगों से आपसी सौहार्द और सद्भाव के साथ देश को आगे ले जाने में योगदान का आह्वान किया। 

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की संवेदनशीलता के चलते हिमाचल प्रदेश सुखाश्रय जैसी जन हितैषी योजना आरम्भ करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इससे राज्य के 6,000 निराश्रित बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ स्टेट का दर्जा मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार 27 वर्ष की आयु तक के निराश्रित बच्चों के माता-पिता की भूमिका में रहकर उनकी पढ़ाई का सारा खर्च उठाएगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के बाद मकान बनाने के लिए 3 बिस्वा जमीन भी उपलब्ध करवाएगी। पठानिया ने प्रदेश में आई आपदा में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि हिमाचल सरकार दुख की घड़ी में जनता के साथ खड़ी है। पीड़ितों की हर तरह से मदद की जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राहत मैनुअल में बदलाव और फौरी राहत राशि में बढ़ोतरी करके पीड़ित परिवारों को बड़े स्तर पर मदद दी है। फौरी राहत राशि को बढ़ा कर 1 लाख रुपये किया गया है। 

दिवंगत आत्माओं की शांति को रखा मौन :

समारोह में मंडी समेत पूरे प्रदेश में आई आपदा में जान गवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए 2 मिनट मौन रखा गया। बता दें, प्रदेश में आपदा की भयावहता के चलते मुख्यमंत्री द्वारा लिए निर्णय के अनुसार जिले में समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए। 

स्वतंत्रता सेनानी-वीर नारियों का सम्मान :

विधानसभा अध्यक्ष ने समारोह में उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी ओम चंद और वीर नारियों इंदिरा देवी, लीला देवी और पुष्पलता देवी को सम्मानित कर कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने मार्च पास्ट में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया। 

शहीदों को नमन :

इससे पहले, कुलदीप सिंह पठानिया ने संकन गार्डन में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया। उन्होंने गांधी चौक में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

यह रहे उपस्थित :

समारोह में मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर तथा प्रकाश चौधरी, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, जिलाधीश अरिंदम चौधरी, पुलिस अधीक्षक सौम्या सांबसिवन सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी तथा शहरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!