
डेली हिमाचल न्यूज़ : ठाकुरद्वारा : पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के अंतर्गत मिलवां राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े सफेदे के पेड़ से टकरा गई, जिससे दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मिलवां गांव के मुख्य मार्ग के पास स्थित सरकारी कृषि फार्म के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार अंकित शर्मा निवासी गांव गंदला लाहड़ी जिला पठानकोट अपनी पत्नी आरती शर्मा और दो बच्चों के साथ लुधियाना से माता वैष्णो देवी के दर्शन और बेटे के मुंडन संस्कार के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि परिवार ने दिल्ली से आ रही एक क्रेटा कार में पठानकोट तक लिफ्ट ली थी। अपने गांव पहुंचने के बाद वे 8 महीने के बेटे के मामा को साथ लेकर वैष्णो देवी जाने वाले थे। इसी दौरान कार में गुरुग्राम निवासी रवि कुमार भी लिफ्ट लेकर सवार था। जैसे ही कार मिलवां गांव के पास पहुंची, चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और कार तेज रफ्तार में पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित शर्मा के 8 माह के बेटे आर्थव और 9 वर्षीय बेटी आयत को गंभीर हालत में मुकेरियां अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में अंकित शर्मा, उनकी पत्नी आरती शर्मा और रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद पठानकोट के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के प्रभारी भागा राम और मुख्य आरक्षी सुखदेव सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को मुकेरियां शवगृह में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।
Author: Daily Himachal News
About The Author










