
डेली हिमाचल न्यूज़ : शिमला – मंडी – हिमाचल प्रदेश भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर मंडी जिला के सुंदरनगर में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमे भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल सहित नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर व तमाम नेतागण मौजूद रहे। कार्यशाला में प्रतीक चिह्न एवं मिस्ड कॉल नंबर लॉच कर सदस्यता अभियान से जुड़ी आगामी गतिविधियों से अवगत करवाया गया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा द्वारा सदस्यता अभियान का मिस्ड कॉल नंबर 8800002024 लॉच किया गया है और यह नंबर 1 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा सदस्यता लेने के बाद शुरू किया जाएगा। 2 सितंबर को प्रदेश स्तरीय अभियान शिमला से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल द्वारा लॉन्च किया जाएगा। 3 सितंबर को सभी जिला मुख्यालयों और 4 सितंबर को मंडल स्तरीय लॉन्च होगा। बिंदल ने कहा की हिमाचल प्रदेश भाजपा का 16 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य है। सभी कार्यकर्ता व नेता घर घर जाकर सदस्य बनने का काम करेंगे, जो कार्यकर्ता 100 प्राथमिक सदस्य बनाएगी वही सक्रिय कार्यकर्ता सदस्य बनेगा। बिंदल ने कहा की भाजपा द्वारा हर बूथ पर 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 2 सितंबर से 15 अक्टूबर तक भाजपा का प्रदेश स्तरीय सदस्यता अभियान चलेगा। 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान पूरे प्रदेश में चलेगा। उन्होंने कहां की यह सदस्यता अभियान नहीं, संगठन का महापर्व है।
वही, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने सदस्य अभियान को प्रदेश टोली की घोषणा की जिसमे अभियान के प्रदेश संयोजक प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा होंगे। इस टोली के सदस्य प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य, सचिव सुमित शर्मा, राजेश ठाकुर और मुनीश चौहान होंगे।

रेखा वर्मा ने कार्यकर्ताओं को दी अभियान की जानकारी :
कार्यशाला के दौरान भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने बताया की भारतीय जनता पार्टी इस प्रक्रिया को संगठन पर्व कहती है क्योंकि भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है। उमंग और उत्साह के साथ यह पर्व तो 1 सितंबर से शुरू होगा लेकिन आज उसकी रूपरेखा बनी है। यह सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी होगा जिसमें शीर्ष से बूथ स्तर तक सबको मौका दिया जाएगा कि वो पार्टी की सदस्यता गृहण करें। यह अभियान सर्वसमावेशी होगा, जिसमें सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से हर वर्ग को भारतीय जनता पार्टी से जुडने का अवसर दिया जाएगा।
इससे पहले कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल द्वारा की गई, उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, भाजपा मुख्य प्रवक्ता राकेश जंवाल, सांसद महामंत्री डॉ सिकंदर कुमार और त्रिलोक कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Author: Daily Himachal News
