
डेली हिमाचल न्यूज़ : सुंदरनगर
हिमाचल प्रदेश की शांत फिजाओं में भाजपा का घटिया खेला नहीं चला क्योंकि कांग्रेस सरकार के मुखिया ने इस खेला को पूर्ण रूप से विफल कर यह साबित कर दिया कि एक योद्धा आमने सामने की लड़ाई लड़ता है न कि भाजपा की तरह धन-बल और छल कपट का प्रयोग किया जाता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पूरे पांच साल प्रदेश में कांग्रेस सरकार चलायेंगे। यह बात हिमाचल प्रदेश पंचायती राज संगठन के सहसचिव व संयोजक हीरा पाल ठाकुर ने सुंदरनगर में आयोजित प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए प्रदेश में भाजपा ने जो घटिया खेल खेला है। प्रदेश में विधायकों को अपने पक्ष में करने के लिए उनपर राजनीतिक और धन बल का प्रयोग करने का खेला रचा गया जो सीधा संविधान और लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है। भाजपा की यह सोची समझी रणनीति थी जिसका पता लगाने में प्रदेश का खुफिया तंत्र भी पूरी तरह विफल रहा है जो एक चिंता का विषय है।

हीरापाल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार और संगठन में किसी भी प्रकार का कोई मतभेद नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष कह रहे है की प्रदेश में कोई सरकार नहीं है तो यह भाजपा का खयाली पुलाव है कि वे कांग्रेस सरकार को तोड़ देंगे, कांग्रेस सरकार पूरे पांच साल चलेगी। प्रदेश में राजनीतिक उथल पुथल के बाद अब कांग्रेस सरकार के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी एकजुट करने को लेकर कार्य किया जा रहा है और सबकी नाराजगी दूर की जाएगी। परिवार के सदस्य में छोटी बड़े मनमुटाव, गीले शिकवे चलते रहते है जिसका लाभ विपक्ष उठाना चाह रहा था लेकिन वे इस योजना में पूर्ण रूप से विफल रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश की जनता के लिए पूरी लगन, निष्ठा और सेवा में समर्पित है।

Author: Daily Himachal News
