जा*नलेवा शरारत : जोनल अस्पताल मंडी में ऑक्सीजन सप्लाई पाइप तोड़ी, पढ़े पूरी खबर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : मंडी स्थित जोनल अस्पताल में शुक्रवार देर रात कुछ शरारती तत्वों द्वारा ऑक्सीजन सप्लाई की पाइप तोड़ने का मामला सामने आया है। यह पाइप अस्पताल के प्राइवेट वार्ड और ऑपरेशन थियेटर तक ऑक्सीजन पहुंचाने वाली मुख्य लाइन से जुड़ी हुई थी। घटना के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार शरारती तत्वों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए ऑक्सीजन प्लांट से जुड़ी सप्लाई पाइप को नुकसान पहुंचा दिया। शनिवार सुबह जब पाइप से ऑक्सीजन लीक होने की आवाज सुनाई दी तो स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दी। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करवाया। बताया जा रहा है कि अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई के लिए उपयोग में लाई जाने वाली पाइपें तांबे की बनी हुई हैं, जिनकी बाजार में काफी कीमत होती है। इसी कारण इन पाइपों पर सफेद रंग का पेंट किया गया था, ताकि कोई व्यक्ति इन्हें पहचान कर नुकसान न पहुंचा सके। बावजूद इसके किसी अज्ञात व्यक्ति ने पाइप को तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पहले से ही मौजूद थी, इसलिए उपचार व्यवस्था पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा। अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडरों की पर्याप्त व्यवस्था भी उपलब्ध है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। साथ ही अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि इस घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर ने बताया कि ऑक्सीजन सप्लाई पाइप को नुकसान पहुंचाने की घटना बेहद गंभीर है। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!