
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : मंडी जिला के सुंदरनगर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 418 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह सफलता पुंघ क्षेत्र में नियमित नाकाबंदी के दौरान मिली। पुलिस द्वारा जांच के लिए बाइक नंबर HP53B-8050 को रोका गया। तलाशी के दौरान बाइक की सीट के नीचे विशेष रूप से छिपाकर रखी गई 418 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय रजत, पुत्र नवीन कुमार, निवासी गांव टिकरी डुहकी, डाकघर टिकरी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा तथा 25 वर्षीय अभिनय, पुत्र अशोक कुमार, निवासी गांव एवं डाकघर अनद्रेटा, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद चरस को कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चरस कहां से लाए थे और इसे कहां ले जाकर सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

Author: Daily Himachal News
About The Author










