प्रधान सेवक की तरह करूंगी मंडी के लोगों की सेवा, मंडी में होगा कार्यालय : कंगना रानौत…!!!

1 min read

डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी – मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत ने कहा है कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को प्रधान सेवक बताते हुए देश की जनता की सेवा करते हैं उसी तरह वह भी मंडी संसदीय क्षेत्र के सेवक के रूप में कार्य करते हुए यहां की जनता की सेवा करेंगी। यह बात उन्होंने आज द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले शिवाबदार में द्रंग मंडल भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग उनके बारे में इस तरह का दुष्प्रचार करने में लगे हैं। कंगना ने स्पष्ट किया कि मंडी में उनका कार्यालय होगा और एक सरकारी कर्मचारी और सेवक की तरह वह मंडी के लोगों की सेवा करेंगी। कंगना रनौत ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं की मंडी की बेटियों के प्रति किस प्रकार की सोच है, उसका जीता जागता सबूत उन्होंने दे दिया है। मंडी की बेटियों का जो अपमान उन्होंने किया है उसका यहां की जनता करारा जबाव देगी। कंगना ने कहा कि कांग्रेस ने देश का कबाड़ा करके रख दिया था लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस देश की बागडोर संभालने के बाद आज इसे विकास के पथ पर अग्रणी बनाया है।

वहीं, कंगना रनौत ने द्रंग पहुंचने पर यहां अपनी कई पीढ़ियों पहले की रिश्तेदारी भी निकाल ली और कहा कि उनकी रगों में भी द्रंग का खून बह रहा है। कंगना ने बताया कि उनके जो पड़नाना थे उनकी दादी द्रंग से थी। इस लिहाज से द्रंग के साथ उनकी रिश्तेदारी है और उनकी रगों में द्रंग का खून बह रहा है।

इससे पहले कंगना का शिवाबदार पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कंगना ने यहां स्थित माता घटासनी के मंदिर में माथा टेका और आशीवार्द प्राप्त किया। इस मौके पर उनके साथ द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व मंत्री एवं मंडी संसदीय सीट के प्रभारी गोबिंद ठाकुर, पूर्व प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर और भाजपा नेता ज्योति कपूर सहित अन्य भाजपा नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!