Mandi News : हवन-पाठ के साथ डीएवी पंडोह की शुरूआत, बीएसएल स्कूल के भवन में होगा संचालन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी/पंडोह (विशाल वर्मा) : बीबीएमबी के बीएसएल स्कूल परिसर में डीएवी स्कूल की शुरूआत हो गई है। बुधवार को विधिवत हवन-पाठ के साथ स्कूल की शुरूआत की गई। हवन पाठ में डीएवी सीएमसी नई दिल्ली के वायस चेयरमैन रिटायर्ड जस्टिस प्रितम पाल बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने हवन पाठ में पूर्णाहूति डालकर स्कूल की शुरूआत की। उन्होंने डीएवी स्कूल को खुलवाने के लिए विशेष योगदान देने के लिए बीबीएमबी के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता चंद्रमणी शर्मा और अन्य स्टाफ को सम्मानित करके उनका आभार भी जताया। प्रितम पाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में डीएवी के 75 स्कूल चल रहे हैं और इस कड़ी में अब पंडोह का नाम भी जुड़ गया है। स्कूल का ध्येय अच्छी और संस्कारित शिक्षा के साथ अच्छे नागरिकों का निर्माण करना है। गत वर्ष डीएवी के 39 बच्चों ने सिविल सेवा की परीक्षाओं को उतीर्ण करके नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंडोह क्षेत्र के बच्चे भी डीएवी से शिक्षा ग्रहण करके उच्च पदों पर आसीन होंगे।

डीएवी पंडोह की प्रधानाचार्या वंदना कपूर ने बताया कि स्कूल में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अभी शुरूआती दौर में नर्सरी से लेकर नौंवीं कक्षा तक दाखिले किए जा रहे हैं। उन्होंने स्कूल की शुरूआत करने के लिए वायस चेयरमैन सहित बीबीएमबी प्रबंधन का आभार जताया और अभिभावकों से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया।

बीबीएमबी पंडोह के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता चंद्रमणी शर्मा ने बताया कि प्रबंधन ने अपने स्कूल भवन को डीएवी को 15 वर्षों के लिए दिया है। इस दौरान भवन का रख रखाव और सारी देखरेख की जिम्मेदारी डीएवी प्रबंधन की रहेगी। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए यह एक नया प्रयास है और इसके सकारात्मक परिणाम क्षेत्र के लोगों को आने वाले समय में मिलेंगे।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!