
डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी – कृषक प्रशिक्षण केन्द्र सुंदरनगर में “क्षेत्रीय अभ्यास के साथ आम और विदेशी सब्जियों पर अभ्यास” विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के जिला कुल्लू के किसानों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान पद्मश्री नेक राम शर्मा ने किसानों को मोटे अनाज, उनकी गुणवता तथा प्राकृतिक खेती द्वारा सब्जी तैयार करने के अपने अनुभव साझा किए। नेक राम शर्मा ने बताया कि मोटे अनाजों के सेवन से कैंसर जैसी अनेकों बिमारियों से बचा जा सकता है। प्रधानाचार्य कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर डॉ. प्राची ने प्राकृतिक खेती में क्षेत्र अभ्यास के साथ आम और विदेशी सब्जियों पर खेती के तरीके पर चर्चा की। डॉ. हितेंदर द्वारा प्रतिभागियों का परिचय, प्राकृतिक खेती की अवधारणा, उसके फायदे और जरुरत पर बल दिया। स्रोत व्यक्ति द्वारा प्राकृतिक खेती में सामान्य सब्जी फसलों की खेती तथा प्राकृतिक खेती में विदेशी सब्जी फसलों की खेती और प्राकृतिक खेती में सब्जी उत्पादन का महत्व, दायरा और समस्या तथा सब्जी पौध उत्पादन और नर्सरी प्रबंधन का पहलू और सब्जी उत्पादन में कुशल जल उपयोग प्रौद्योगिकियों पर जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन सेवानिवृत परियोजना निदेशक डॉ. देश राज शर्मा द्वारा प्राकृतिक खेती में कृषि-पारिस्थितिकी तंत्र का विश्लेषण तथा प्राकृतिक खेती में सब्जी फसलों में महत्वपूर्ण कीट प्रबंधन के लिए पहचान और प्रबंधन पद्धतियों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसके उपरांत डॉ. मीना ने विकास खंड धनोटू तथा विकास खण्ड बल्ह क्षेत्र में प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों के खेतों का दौरा करवाया। प्रशिक्षण के तीसरे दिन डॉ. सुधीर द्वारा प्राकृतिक खेती में देसी गायों का महत्व, डॉ.राजीव द्वारा सरकार की पहल, डॉ. मीना द्वारा कटाई के बाद की उपज को प्राकृतिक रूप से बनाए रखना के तथा डॉ. भूषण द्वारा वापसा और खरपतवार प्रबंधन के लिए जानकारी दी गई।


Author: Daily Himachal News
