
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी/चंडीगढ़ : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ की नई कार्यकारिणी का गठन 18 दिसंबर 2025 को किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी झुंगी निवासी (निहरी) निवासी आशीष शर्मा को सर्वसम्मति से एबीवीपी पंजाब विश्वविद्यालय का इकाई अध्यक्ष नियुक्त किया गया। आशीष शर्मा वर्तमान में पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ (सेक्टर-14) में अध्ययनरत हैं। विद्यार्थी जीवन के दौरान वे एबीवीपी से सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और छात्रहित, शैक्षणिक सुधार, राष्ट्रवाद तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक कार्यक्रमों में निरंतर सहभागिता निभाते आए हैं। संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रियता को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि आशीष शर्मा पंजाब विश्वविद्यालय में एबीवीपी के हिमाचल प्रदेश से संबंध रखने वाले चौथे इकाई अध्यक्ष बने हैं, जबकि मंडी जिले से वे पहले छात्र नेता हैं जिन्हें यह जिम्मेदारी प्राप्त हुई है। इससे पूर्व किन्नौर के पूर्व विधायक सूरत नेगी, सिरमौर के दिनेश चौहान तथा किन्नौर जिले के परविंदर नेगी एबीवीपी पंजाब विश्वविद्यालय के इकाई अध्यक्ष रह चुके हैं।
अपनी नियुक्ति पर आशीष शर्मा ने संगठन के प्रांतीय एवं विश्वविद्यालय स्तर के नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पंजाब विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान, शैक्षणिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ करने, विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा तथा राष्ट्रवादी विचारधारा के अनुरूप सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। एबीवीपी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने आशीष शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में एबीवीपी पंजाब विश्वविद्यालय में छात्रहित और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को नई मजबूती मिलेगी तथा संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा।

Author: Daily Himachal News
About The Author










