
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक जिले और गांव का दौरा किया। प्रदेश में आपदा से भारी तबाही के बावजूद केंद्र सरकार से कोई आर्थिक मदद नहीं मिली, लेकिन राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए अपने स्तर पर संसाधन जुटाकर 4500 करोड़ रुपए का विशेष आर्थिक पैकेज प्रदान करने के लिए कानून और नियमों को बदल दिया, क्योंकि उन्हें आम आदमी की पीड़ा का अहसास है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने लूट के रास्ते को बंद किया और सरकार के ईमानदार प्रयासों से 2200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है। इस राजस्व से महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह देने की घोषणा की गई है। बजट में भी आम लोगों के लिए अनेक योजनाओं को प्रावधान किया गया है, मनरेगा मजदूरी में 60 रुपए की बढ़ौतरी, किसान से गाय के दूध का क्रय मूल्य 32 रुपए से बढ़ाकर 45 रुपए किया गया है और भैंस के दूध को 55 रुपए में खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने पहली बार प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य रुपए 30 रुपए प्रति किलो जबकि गेंहू को 40 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदने का निर्णय लिया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार ने सत्ता में आते ही सबसे पहले पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई पुरानी पेंशन योजना को रद्द किया लेकिन हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनते ही हमने पहली कैबिनेट में पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया, ताकि सेवानिवृति के उपरांत सरकारी कर्मचारी व अधिकारी सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों को राहत प्रदान करने के लिए राज्य सरकार द्वारा राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अब तक 90 हजार से अधिक इंतकाल तथा सात हजार तकसीम के मामलों का निपटारा किया जा चुका है। इसके साथ ही कानून बनाकर अनाथ बच्चों की देखभाल के लिए मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना आरंभ की गई है। यही नहीं, विधवा एवं एकल नारी के बच्चों की शिक्षा का खर्च राज्य सरकार वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है जिनके कल्याण के लिए प्रदेश सरकार अनेक योजनाएं कार्यान्वित कर उनके जीवन को सरल बनाने के लिये प्रयास कर रही है। इससे पूर्व, फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का गर्मजोशी से स्वागत किया।


इस अवसर पर विधायक सुदर्शन बबलू, पूर्व विधायक अजय महाजन, एचपीटीडीसी बीओडी के निदेशक अम्बर महाजन, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करण पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जीत राम शर्मा, उपायुक्त हेम राज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Author: Daily Himachal News
About The Author
