
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : मंडी जिला में पंचायती राज चुनाव के बीच रविवार देर शाम जिला परिषद भावला वार्ड में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिला परिषद प्रत्याशी अभिलाषा ठाकुर पर अज्ञात लोगों द्वारा हमला किए जाने के आरोप लगे हैं। यह वार्ड सांसद एवं अभिनेत्री Kangana Ranaut का गृह वार्ड है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और चुनावी माहौल के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिलाषा ठाकुर रविवार शाम अपने चुनाव प्रचार अभियान से लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि खुडला क्षेत्र के पास वह वाहन से शौच के लिए नीचे उतरी थीं। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। अभिलाषा ठाकुर ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उन पर चाकू से वार किया और पत्थरबाजी भी की। अचानक हुए इस हमले से वह घायल हो गईं। घटना में उनके सिर और बाजू में चोटें आई हैं, जबकि उनकी कार को भी नुकसान पहुंचा है। पत्थर लगने से वाहन के शीशे और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि घटना के समय एक अन्य महिला भी उनके साथ मौजूद थीं। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल अवस्था में अभिलाषा ठाकुर को तुरंत उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, मतदान से ठीक पहले हुई इस घटना ने जिला परिषद भावला वार्ड की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। क्षेत्र में विभिन्न राजनीतिक दलों और समर्थकों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर नियमानुसार जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Author: Daily Himachal News
About The Author










