सड़कों पर आंदोलन कर रहे किसानों व बागवानों को डरा और धमका रही प्रदेश सरकार : आप अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर

1 min read

मंडी, 07 अगस्त : सूबे में किसानों और बागवानों द्वारा प्रदेश सरकार के खिलाफ जारी आंदोलन को लेकर आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर उनके गृह जिला मंडी से तीखा जुबानी हमला बोला है। रविवार को जिला मुख्यालय मंडी में आयोजित प्रेसवार्ता में ‘आप’ प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार को किसान तथा बागवान विरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर आंदोलन कर रहे किसानों और बागवानों को प्रदेश सरकार द्वारा डराया तथा धमकाया जा रहा है। आंदोलकारियों पर एफआईआर दर्ज करने की धमकियां दी जा रही हैं। इसके चलते कई लोगों पर एफआईआर दर्ज भी कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के इस तानाशाही रवैए का हिमाचल की जनता सीएम जयराम को विधानसभा चुनाव-2022 में मुहतोड़ जवाब देगी।

सुरजीत ठाकुर ने कहा कि मंडी और कुल्लू जिला के बागवानों के सेब की फसल आजकल मंडियों में पहुंचना है। लेकिन मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग बीते कई दिनों से बंद पड़ी हुई हैं। सरकार का ध्यान भटक चुका है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का सारा ध्यान विधानसभा चुनाव- 2022 को जीतने के लिए लगा हुआ है। प्रदेश सरकार आज तक हिमाचल में एक अच्छी मंडी व्यवस्था नहीं दे पाई हैं। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सेब पर एक रूपये समर्थन मूल्य बढ़ाकर बागवानों के साथ भद्दा मजाक किया है। आम आदमी पार्टी किसान,बागवानों और मजदूरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने प्रदेश के बागवानों को जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर समर्थन मूल्य देने की मांग प्रदेश सरकार से की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!