
मंडी, 19 अगस्त (DHN24×7 NEWS) : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्धारा मंडी नगर निगम को 15 करोड़ की राशि स्वीकृत करने पर भारतीय जनता पार्टी मंडी जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह ने उनका आभार व्यक्त किया है. उन्होंनें कहा कि इस राशि से नगर निगम के विकास को नई गति मिलेगी। जिलाध्यक्ष कहा कि प्रदेश के पुरातन शहरों में से एक मंडी को यह राशि मिलना मुख्यमंत्री का मंडी के साथ उनके लगाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मंडी के बीचों बीच शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बहुत पुरानी मांग रही है परंतु इसके ऊपर आज तक कोई गंभीर योजना नहीं बनी थी और इसके ऊपर हमेशा राजनीति होती रही। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसके लिए 3 करोड़ मंजूर कर वर्षो से लंबित मांग को पूरा किया। इसी के साथ दो अत्याधुनिक रेस्टोरेंट के लिए 2 करोड़, पार्किंग के लिए 3 करोड़ और डंपिंग साइट के लिए 2 करोड़ की स्वीकृति के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्धारा पहले मंडी को नगर निगम का दर्जा देना और अब इसके विकास के लिए बजट का प्रावधान करना एतिहासिक और सराहनीय है ।
नगर निगम के नेला वार्ड से कांग्रेसी पार्षद राजेंद्र मोहन ने भी नगर निगम को मिली इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज का आभार व्यक्त किया है और कहा की नगर निगम में मिलाए गए ग्रामीण क्षेत्रों को इस बजट से लाभ मिलेगा और सड़कों के रखरखाव और निर्माण के लिए 4 करोड़ की राशि से इन क्षेत्रों के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। मनोनीत पार्षद पुष्पराज कात्यायन, पंकज कपूर और बालक राम सहित सभी पार्षदों ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया।

Author: Daily Himachal News
About The Author











