
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : हिमाचल प्रदेश की बेटी और उत्तराखंड की बहू प्रो. नितिका कौशल को मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय और उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘भारत राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान न केवल उत्तराखंड बल्कि हिमाचल प्रदेश के लिए भी गर्व और प्रेरणा का विषय बन गया है। प्रो. नितिका कौशल वर्तमान में
रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय (Ras Bihari Bose Subharti University) से संबद्ध प्रोफेसर एवं डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) के पद पर कार्यरत हैं। वे हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी की बल्ह तहसील के रत्ती क्षेत्र की निवासी हैं। उनके पिता महेश कांत कौशल तथा माता तरुणा कौशल हैं। उनकी माता वर्तमान में बल्ह पंचायत में पार्षद के रूप में जनसेवा कर रही हैं। प्रो. कौशल का विवाह देहरादून में हुआ है, जिससे यह उपलब्धि “हिमाचल की बेटी और उत्तराखंड की बहू” दोनों रूपों में विशेष महत्व रखती है। यह भव्य सम्मान समारोह देहरादून में आयोजित किया गया। उन्हें “Outstanding Contribution in Medical Education” श्रेणी में यह सम्मान Institute for Social Reforms and Higher Education Charitable Trust (ISRHE) द्वारा प्रदान किया गया। समारोह में उत्तराखंड सरकार के वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल (Subodh Uniyal) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विधायक सविता कपूर (Savita Kapoor) विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। यूजेवीएन के वरिष्ठ अधिकारी एवं शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
प्रो. नितिका कौशल ने अपने नेतृत्व में छात्र कल्याण शैक्षणिक गुणवत्ता व्यक्तित्व विकास और शोध उन्नयन के क्षेत्र में अनेक प्रभावी पहलें की हैं।
सम्मान ग्रहण करते प्रो. नितिका कौशल ने कहा कि यह पुरस्कार उनके माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुओं के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने शिक्षा को सेवा और संस्कार का माध्यम मानते हुए राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान देने का संकल्प दोहराया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अन्य विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया।

Author: Daily Himachal News
About The Author










