
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को जिला मंडी के नाचन विधानसभा क्षेत्र के दियारगी में आयोजित जनसभा के दौरान विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन किए तथा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर उन्होंने छातर में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जनसभा में मौजूद महिला मंडलों को 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की और कहा कि नाचन क्षेत्र से संबंधित सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि अगर राज्य को पहले की तरह पूरी वित्तीय सहायता मिलती रहती तो आज हिमाचल प्रदेश कर्ज मुक्त हो सकता था। उन्होंने बताया कि पिछली भाजपा सरकार को पांच वर्षों में करीब 54 हजार करोड़ रुपये राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) और 16 हजार करोड़ रुपये जीएसटी प्रतिपूर्ति के रूप में मिले थे। यदि उस समय वित्तीय अनुशासन रखा जाता तो प्रदेश का लगभग 30 हजार करोड़ रुपये कर्ज कम हो सकता था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने प्रदेशभर में करीब एक हजार करोड़ रुपये के भवन बना दिए, जो आज भी खाली पड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) कभी बंद नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों को ओपीएस दी थी और किसी भी कीमत पर इसे बंद नहीं होने दिया जाएगा। कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार एरियर भुगतान भी करेगी।
उन्होंने नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात करते हुए कहा कि चिट्टा तस्करी में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को जेल भेजा जाएगा और उनकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार की दिशा में भी घोषणा करते हुए कहा कि नाचन क्षेत्र के तीन स्कूलों को सीबीएसई पाठ्यक्रम से जोड़ा जाएगा और प्रदेश में जल्द ही तीन हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।
Author: Daily Himachal News
About The Author










