
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : प्रदेश की राजनीति में संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता अनुराग शर्मा को राज्यसभा भेजे जाने के निर्णय की प्रदेशभर में सराहना हो रही है। इसी क्रम में राज्य सहकारी बैंक के निदेशक केशव नायक ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला कांग्रेस की लोकतांत्रिक कार्यसंस्कृति और कार्यकर्ताओं के सम्मान की भावना को दर्शाता है। केशव नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस पार्टी में जमीनी स्तर पर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि अनुराग शर्मा लंबे समय से संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं और उन्होंने हमेशा पार्टी की विचारधारा तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि अनुराग शर्मा के सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और संगठनात्मक क्षमता ने उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच विशेष पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री का यह निर्णय उन हजारों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो वर्षों से पार्टी की मजबूती के लिए मेहनत कर रहे हैं।
केशव नायक ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी, संवेदनशील और जनहितैषी शासन की नई मिसाल कायम हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाते हुए आम कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की जो पहल की है, उससे कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यसभा में अनुराग शर्मा हिमाचल प्रदेश के हितों की प्रभावी पैरवी करेंगे और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सरकार की नीतियां आम जनता के कल्याण के लिए समर्पित हैं।

Author: Daily Himachal News
About The Author










