
डेली हिमाचल न्यूज़ – बिलासपुर : जिला बिलासपुर के झंडूता उपमंडल के कोटधार क्षेत्र के अंतर्गत मरोतन के पास मलोट इलाके में गद्दी समुदाय के एक भेड़पालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियार से हमला कर उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि मरोतन-मलोट क्षेत्र में एक भेड़पालक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना तलाई की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पर किसी तेजधार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी गला रेतकर हत्या की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी गई है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Author: Daily Himachal News
About The Author










