Mandi News : नशे की लत में डूबा दंपति, चिट्टे सहित गिरफ्तार, 3 माह के मासूम को छोड़ दोनों निकले थे पंजाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : जिला मंडी के सुंदरनगर क्षेत्र से नशे से जुड़ा एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसमें एक दंपति की लापरवाही और नशे की गिरफ्त ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। हैरानी की बात यह है कि यही दंपति कुछ समय पहले अपने तीन माह के दूधमुंहे बच्चे को घर पर अकेला छोड़कर नशा लेने पंजाब चला गया था, और अब एक बार फिर चिट्टे के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुंदरनगर पुलिस की एक टीम ने कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर अलसू चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। गाड़ी में सवार एक महिला पुलिस को देखकर घबरा गई, जिससे टीम को शक हुआ। जब पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उनकी पहचान अभिषेक गुलेरिया और उनकी पत्नी अमीषा निवासी सुंदरनगर के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि वे चंडीगढ़ से सुंदरनगर लौट रहे थे और इसके लिए उन्होंने एक निजी ऐप के जरिए गाड़ी बुक की थी।
संदेह के आधार पर पुलिस ने उनके बैग की गहन तलाशी ली, जिसमें से 5.637 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तुरंत दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।


गौरतलब है कि यह दंपति नशे की लत के चलते अपने तीन माह के मासूम बच्चे को घर पर छोड़कर पंजाब चला गया था। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद जांच करने पर मामला सामने आया था। इस घटना ने क्षेत्र में भारी आक्रोश पैदा किया था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे की लत ने इस परिवार को पूरी तरह बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है। एक ओर जहां मासूम बच्चे का भविष्य खतरे में है, वहीं दूसरी ओर समाज में भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों के तार किन लोगों से जुड़े हैं और नशे की सप्लाई कहां से हो रही है। साथ ही, बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि नशे के खिलाफ जागरूक बनें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने दंपति को 5.637 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया है मामले में जांच जारी है।

About The Author

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!