
डेली हिमाचल न्यूज़ : शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नवनियुक्त मंत्री राजेश धर्माणी और यादविंद्र गोमा को पोर्टफोलियो बांट दिए हैं। राजेश धर्माणी को तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग मिला है, जबकि यादविंद्र गोमा को आयुष और युवा सेवाएं एवं खेल महकमा दिया गए हैं। वही, तीन अन्य मंत्रियों रोहित ठाकुर, हर्षवर्द्धन चौहान और विक्रमादित्य सिंह से एक-एक विभाग वापस लेकर उनका भार कम किया गया है, जिनके पास पहले से ही शिक्षा, लोक निर्माण और उद्योग जैसे हैवीवेट महकमे हैं। दोनों नए मंत्रियों ने 12 दिसंबर को शपथ ली थी।
महीने भर के इंतजार के बाद मंगलवार को राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी। तकनीकी शिक्षा विभाग पहले रोहित ठाकुर के पास था, जिसे वापस लेकर अब राजेश धर्माणी को दिया गया है। अब रोहित ठाकुर के पास उच्च शिक्षा व प्रारंभिक शिक्षा विभाग है। वहीं, हर्षवर्धन चौहान से आयुष विभाग वापस लेकर यादविंद्र गोमा को दिया गया है। अब हर्षवर्धन के पास उद्योग विभाग और संसदीय कार्य का दायित्व होगा। यादविंद्र गोमा को युवा सेवाएं एवं खेल विभाग विक्रमादित्य सिंह का भार कम कर दिया गया है। विक्रमादित्य सिंह के पास अब लोक निर्माण विभाग ही होगा।
किसके पास कौन सा विभाग :
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू : वित्त, सामान्य प्रशासन, गृह, योजना, कार्मिक व अन्य सभी विभाग जो मंत्रियों को नहीं बांटे।
उप मख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री : जल शक्ति, परिवहन, भाषा, कला एवं संस्कृति और सहकारिता।
धनीराम शांडिल : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और श्रम एवं रोजगार।
चंद्र कुमार : कृषि एवं पशुपालन।
हर्षवर्द्धन चौहान : उद्योग एवं संसदीय कार्य।
जगत सिंह नेगी : राजस्व, बागवानी और जनजातीय विकास।
रोहित ठाकुर : उच्च शिक्षा व प्रारंभिक शिक्षा।
अनिरुद्ध सिंह : पंचायती राज और ग्रामीण विकास।
विक्रमादित्य सिंह : लोक निर्माण विभाग
राजेश धर्माणी : तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण।
यादविंद्र गोमा : आयुष और युवा सेवाएं एवं खेल।

Author: Daily Himachal News
Post Views: 672
