
डेली हिमाचल न्यूज़ – चंबा : चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा ईंड नाला के समीप उस समय पेश आया, जब तीसा से चंबा की ओर जा रही एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, कार में कुल तीन लोग सवार थे। जैसे ही वाहन ईंड नाला के पास पहुंचा तो अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। कार के खाई में गिरते ही दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने घायल व्यक्ति को नाले से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा। और मृतकों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर गमगीन माहौल बना हुआ है। पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Author: Daily Himachal News
About The Author











