
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के लिए एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। मंडी-गग्गल-चैलचौक-जंजैहली सड़क मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुधार कार्य के लिए 137.40 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा स्वीकृति पत्र जारी किया गया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने यह स्वीकृति पत्र पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को जारी किया है। पत्र में बताया गया है कि हिमाचल प्रदेश में मंडी-गग्गल-चैलचौक-जंजैहली एमडीआर सड़क, जिसकी कुल लंबाई लगभग 83 किलोमीटर है, के चौड़ीकरण के लिए केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत यह राशि स्वीकृत की गई है।

बता दे की जयराम ठाकुर द्वारा 23 जुलाई 2025 को इस सड़क के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत के लिए वित्तीय सहायता का अनुरोध किया गया था, जिसे स्वीकार करते हुए मंत्रालय ने यह अहम निर्णय लिया है। इस परियोजना के पूरा होने से सराज, जंजैहली, थुनाग और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही को भी बड़ा लाभ पहुंचेगा। वही, क्षेत्र के लोगों ने इस स्वीकृति को बड़ी उपलब्धि बताते हुए केंद्र सरकार और जयराम ठाकुर का आभार जताया है। स्थानीय जनता का कहना है कि इस सड़क की हालत लंबे समय से खराब थी और अब चौड़ीकरण के बाद दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा विकास को नई गति मिलेगी।


Author: Daily Himachal News
About The Author











