
डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी
मंडी शहर के चौहाट्टा बाजार में रेहड़ी फहड़ी के स्थान को लेकर हुई मारपीट मामले में माहिला के साथ मारपीट करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाए और महिला को उचित आर्थिक सहायता दिलाई जाए। इसी मांग को लेकर शहर की पंजीकृत फहड़ी धारक पीड़ित महिला के साथ रेहड़ी फहड़ी यूनियन मंडी ने सड़कों पर उतरकर रैली निकाली और पुलिस प्रशासन से महिला को न्याय दिलाने की मांग उठाई। पीड़ित महिला मीना देवी के अनुसार वह रोज की ही तरह चौहाट्टा बाजार में अपनी रेहड़ी फहड़ी लगाए हुए थी लेकिन बीते रोज शाम सात बजे वहां पर एक अन्य रेहड़ी धारक के साथ उनकी बहसबाजी हुई और बात मारपीट तक बन आई। महिला के अनुसार आरोपी पुरूष ने उसके सिर पर तराजू के बट्टे से हमला किया और महिला अचेत हो गई। मीना देवी ने बताया कि इसके साथ ही उस व्यक्ति ने उसे बहुत से आपत्तीजनक शब्द भी कहे जो किसी से बयां तक करने के काबिल नहीं है।

मीना देवी ने बताया कि वह एक गरीब महिला है और बड़ी मुश्किल से अपने परिवार का गुजारा कर रही है। यहां तक की उसके मां बाप भाई बहन कोई नहीं है जो इस हालत में उसकी मदद करे। महिला ने पुलिस विभाग से उचित कार्यवाही करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। वहीं इस मामले में शहर के यूनियन भी इस महिला के समर्थन में उतर आई है। यूनियन के प्रधान सुरेंद्र ने बताया कि यह महिला नगर निगम मंडी में पंजीकृत रेहड़ी फहड़ी धारक है और गैर पंजीकृत फहड़ी धारक के द्वारा इन्हें बार-बार तंग करना और अब हाथापाई करना निंदनीय है। उन्होंने उचित कार्यवाही ना होने के बाद हर रोज धरना देने की चेतावनी भी दे डाली है।

Author: Daily Himachal News
