
डेली हिमाचल न्यूज़ – मंडी – सुंदरनगर : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा आयोजन किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण को लेकर आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम में बल्ह के रिवालसर और सुंदरनगर में पहली बार ‘मिसेज हिमाचल प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। बता दें कि सुंदरनगर में राज्यस्तरीय नलवाड़ मेला और रिवालसर में छेश्चू मेले का आयोजन किया जाता है। इसमें पूरे हिमाचल से महिलाएं भाग ले सकती है और इसका शुल्क एक हजार रुपए रहेगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महिलाएं 5 मार्च तक आवेदन कर सकती हैं। प्रतियोगिता की विजेता प्रतिभागी को इनाम के तौर पर 21 हजार रुपए दिए जाएंगे।
जानकारी देते हुए एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने कहा कि इस प्रतियोगिता का आयोजन तीन कैटिगरी को लेकर किया जाएगा। जिसमें पहली 21 से 30, दूसरी 31 से 40 और तीसरी कैटिगरी 40 से ऊपर महिलाओं का रहेगा। इसमें विवाहित के अलावा तलाकशुदा और अलग रहने वाली महिलाएं भी भाग ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर बल्ह और सुंदरनगर सब डिवीजन को जोड़ा गया है। इसमें प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाली महिलाओं का सुंदरनगर में एक ग्रूमिंग राउंड 6 और 7 मार्च भी आयोजित किया जाएगा। प्रशासन द्वारा महिलाओं को ऑडिशन पर जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि मिसेज हिमाचल प्रतियोगिता की क्राउनिंग राज्यस्तरीय नलवाड़ के दौरान सुंदरनगर में होगी।


Author: Daily Himachal News
