
डेली हिमाचल न्यूज़ – शिमला : प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में रविवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस पार्टी के नव नियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी उपस्थित रही।कार्यभार संभालने के बाद अध्यक्ष को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस संगठन में आज नए युग की शुरूआत हुई है। युवा नेतृत्व के हाथों में बागडोर जाने से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही नई कार्यकारिणी गठित की जाएगी, जिसकी भूमिका कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाने में अहम रहेगी। मुख्यमंत्री ने पुनः दोहराया कि डेढ़ वर्ष पूर्व भाजपा ने लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की थी, जिसका करारा जवाब प्रदेश की जनता ने दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है और वित्तीय अनुशासन के साथ राज्य की आर्थिक स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने भी अध्यक्ष विनय कुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों के बूते संगठन मिशन रिपीट की ओर मजबूती से बढ़ेगा। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाकर संगठन को और अधिक मजबूत करेंगे।

अपने संबोधन में अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वह संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। वही, पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने उम्मीद जताई कि संगठन में महिलाओं को आगे भी उचित प्रतिनिधित्व मिलता रहेगा।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, महापौर, पूर्व पदाधिकारी, बोर्ड–निगमों के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य उपस्थित रहे।
Author: Daily Himachal News
About The Author









