डेली हिमाचल न्यूज़ : सुंदरनगर – पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने लोगों से कांग्रेस के पक्ष में भारी मतदान करने का आग्रह किया है। यह बात उन्होंने सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के ध्वाल, सनिहन, बटवाडा व डेहर में अपने चुनावी जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों को सम्बोधित करते हुए कही। सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि राजनीति कोई पेशा नही है यह एक जनसेवा है जिसमें लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए उनके बीच रह कर काम करना पड़ता है। आपदा के समय विक्रमादित्य सिंह ने स्वयं प्रभावित लोगों के दर्द को देखा और उसे पूरी प्राथमिकता के साथ दूर किया। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह एक बड़े विजन के साथ इस चुनाव को लड़ रहे है। मंडी को देश का सर्वश्रेष्ठ संसदीय क्षेत्र बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सोहन लाल ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में मंडी के लिये कुछ नही किया। उन्होंने केवल मंडी की जनता को ठगा है पहले उन्होंने मंडी के लोगों को हवाई अड्डे के सपने दिखाए जो धरातल पर पहुंचने से पहले ही धराशाई हो गए। उन्होंने कहा कि आजकल वह कंगना के फ़िल्म निर्माण में एक स्क्रिप्ट राइटर बने हुए है। मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केवल मोदी के नाम पर वोट मांग रही है। उनकी अपनी न कोई विकास की सोच है न ही कोई विजन।
वहीं मध्यप्रदेश के विधायक व सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के लोकसभा चुनाव प्रभारी डाॅ. विक्रांत भूरिया ने अपने संबोधन में कहा कि इस बार कांग्रेस के घोषणा पत्र में पांच न्याय गारंटियाँ निर्धारित की गई हैं। संवैधानिक न्याय का पन्ना भी जोड़ा गया है। जिसमें प्रति वर्ष तीस लाख बेरोजगार युवाओं को नौकरी देना, किसानों की कर्जमाफी, महिलाओं को 8500 रुपये भत्ता देने, एमएसपी की गारंटी देने जैसे तमाम वादे किए है। पांच न्याय में हिस्सेदारी न्याय, किसान न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय और युवा न्याय पर आधारित हैं। उन्होंने सभी जनता से कांग्रेस के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।