
नेरचौक: प्रदेशभर में कांग्रेस पार्टी द्वारा आठ जुलाई का दिन मुख्यमंत्री स्व. राजा वीरभद्र सिंह को याद कर संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। प्रदेशभर में शुक्रवार को प्रदेशभर में जनमानस द्वारा राजा वीरभद्र सिंह को याद कर उनकी तस्वीरों पर फूल माला अर्पित तथा अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि देकर उन्हें याद किया गया। वहीं जिला मंडी कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी तथा जिला मंडी कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा भी पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। उन्होंने इस अवसर पर वृद्ध आश्रम भंगरोटू में बुजुर्गों को कपड़े व फल आदि भेंट किए तथा रत्ती नागरिक अस्पताल में मरीजों को फल बांटे तथा नेर ढांगू स्थित गौ सदन पहुंचकर पशुओं को चारा आदि खिलाकर पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर प्रकाश चौधरी ने कहा यदि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ यशवंत सिंह परमार को हिमाचल प्रदेश बनाने का श्रेय जाता है तो उस हिमाचल को संजोए रखने और उस हिमाचल में रंग भरने का श्रेय आधुनिक हिमाचल के निर्माता राजा वीरभद्र सिंह को जाता है। प्रकाश चौधरी ने कहा कि यूं तो वीरभद्र सिंह सचमुच में राजा थे और वे आज भी लोगों के दिलो के राजा हैं। उन्होंने याद करते हुए कहा कि जब भी वीरभद्र सिंह प्रदेश की जनता के बीच में जाते थे, वे कभी भी उनसे बतौर मुख्यमंत्री समस्या नहीं पूछते थे बल्कि एक परिवार के सदस्यों की तरह वे लोगो का दुःख दर्द बांटने लग जाते थे।

Author: Daily Himachal News
