
मंडी : सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में शनिवार सुबह पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर सफाई और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन गया। इस अवसर पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डीडी शर्मा मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए सरदार पटेल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा जागरूक रैली भी निकाली गई। इस दौरान सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति डीडी शर्मा ने बताया कि पर्यावरण दिवस के एक दिन पहले सरदार पटेल विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मंडी बस स्टैंड के समीप सफाई अभियान चलाया गया था. जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण के लिए पूरे विश्व में मनाया जाता है। आपको बता दें कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित यह दिवस पर्यावरण के प्रति वैश्विक स्तर पर जागरूकता लाने के लिए मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 1972 में 5 जून से 16 जून तक संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा आयोजित विश्व पर्यावरण सम्मेलन से हुई। 5 जून 1973 को पहला विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया था।

Author: Daily Himachal News
