कुल्लू : धनबल को जवाब देकर जनता ही बचा सकती है लोकतंत्र : मुख्यमंत्री

1 min read

डेली हिमाचल न्यूज़ : कुल्लू – आनी

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कुल्लू जिला के आनी में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया और कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी विक्रमादित्य के पक्ष में प्रचार किया। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। बागियों पर बरसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 विधायक राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा की राजनीतिक मंडी में बिक गए और प्रदेश सरकार को गिराने का असफल प्रयास किया। उन्होंने कहा कि बागी विधायक डील की दूसरी किश्त पाने के लिए एक महीने तक हिमाचल प्रदेश से बाहर घूमते रहे और पूरी किश्त मिलने के बाद भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि भाजपा और बागियों का षडयंत्र कामयाब नहीं हो पाया और अब बारी जनबल की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को केवल जनता ही बचा सकती है। यह लड़ाई न्याय और अन्याय के बीच है लेकिन जीत सत्य की होगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मंडी में बिके विधायकों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।

सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश की बेटी और एक अच्छी अदाकारा हैं। उन्होंने कहा कि एक्टर चाहे कितना भी अच्छा क्यों न हो, अगर निर्देशक फ्लॉप हो तो फिल्म कभी सफल नहीं होती। उन्होंने कहा कि 25 सीटों वाले डायेक्टर ने कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य के डर से चुनाव में अपने को दूर रखने के लिए कंगना को 40 दिन की शूटिंग के लिए राजी कर लिया, लेकिन फ्लॉप निर्देशक की फिल्म फ्लॉप होना तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास विक्रमादित्य सिंह जैसा टॉप का हीरो है, जो आम लोगों की परेशानियों को समझता है और जनसेवा ही उसका एकमात्र ध्येय है। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य ने आपदा के समय भी बढ़चढ़ काम किया और आपदा प्रभावित सड़कों को बहाल करवाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान वर्तमान राज्य सरकार ने कुल्लू जिले में फंसे 75 हजार पर्यटकों को घर पहुंचाया और रिकॉर्ड 48 घंटे के समय में बिजली, पानी और सड़क सुविधा को अस्थाई रूप से बहाल करवाया। आपदा के बावजूद बागवानों का एक एक सेब मंडियों तक पहुंचाया गया । उन्होंने कहा कि सेब के न्यूनतम समर्थन मूल्य में राज्य सरकार ने ऐतिहासिक डेढ़ रूपये की वृद्धि कर इसे 12 रूपये किया है। उन्होंनेे कहा कि आपदा में भाजपा ने केवलमात्र राजनीति की और आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!