मंडी : मजूदरों के नाम पर राजनीति कर अपने घर भर रहे हैं कुछ नेता : रजत ठाकुर

1 min read

मंडी : हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह मीडिया प्रभारी रजत ठाकुर का कहना है कि दूसरे दलों के मजदूर संगठनों के तथाकथित नेता मजदूर नेता बनकर और मजदूरों के नाम पर राजनीति करके अपनी संपत्ति बढ़ाने में लगे हुए हैं। यह बात उन्होंने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत सज्जाओपिपलू में भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। रजत ठाकुर ने इस समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। समारोह में धर्मपुर और सरकाघाट सहित साथ लगते क्षेत्रों से आए एक हजार से अधिक मजदूर साथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। समारोह को संबोधित करते हुए रजत ठाकुर ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ का नारा है कि पूरी दुनिया को एक करना है जबकि दूसरे दलों के मजदूर संगठन सभी मजदूरों को एक होने की बात कहते हैं। 1998 में जब महेंद्र सिंह ठाकुर ने लोक निर्माण मंत्री रहते लोगों को रोजगार दिया तो कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था, लेकिन महेंद्र सिंह ठाकुर ने इस मजदूरों के लिए लड़ाई लड़ी और इन्हें इनका हक दिलाकर रखा। उन्होंने कहा कि आज दूसरे संगठनों में कुछ मजदूर नेता ऐसे हैं जो मजदूरों के नाम पर राजनीति करके अपने घर भरने में लगे हुए हैं। ऐसे नेता जहां खटारा स्कूटर पर घूमते थे आज उनके पास दो-दो गाड़ियां और कई घर हैं। जबकि भारतीय मजदूर संघ के नेता सिर्फ और सिर्फ मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए काम करते हैं।

इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मंगत राम नेगी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने मजदूरों का विशेष ख्याल रखा है। मनरेगा मजदूर, मिड-डे-मील वर्कर, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य मजदूर वर्गों को उनका हक दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने मजदूरों से आहवान किया कि भविष्य में भी मजदूरों के हितों की रक्षा करने वाली सरकार को फिर से सत्ता में लाना है।

इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश सचिव नरेश ठाकुर, जिलाध्यक्ष पंकज शर्मा, अजय ठाकुर, सरिता ठाकुर, अंजना शर्मा, कमलेश, भोला दत्त, सुरेश पठानिया, धर्म सिंह, कर्म सिंह राणा, जगरनाथ, नानक चंद, अरूण, सुनील, पवन कुमार, धर्म सिंह और कालीदास सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!