
डेली हिमाचल न्यूज़ – सुंदरनगर : सुंदरनगर स्थित महावीर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (SOF) द्वारा आयोजित नेशनल साइंस ओलंपियाड (NSO) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रतिभाशाली छात्रों ने शानदार अंक अर्जित करते हुए प्रतिष्ठित गोल्ड मेडल ऑफ एक्सीलेंस अपने नाम किए। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 56 विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल ऑफ एक्सीलेंस के साथ-साथ सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन भी प्राप्त किए। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की लगन, निरंतर परिश्रम और अध्ययन के प्रति समर्पण का प्रमाण है। विद्यालय प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन, निरंतर प्रोत्साहन और समर्पित प्रयासों को दिया है। शिक्षकों द्वारा दी गई सटीक तैयारी और सकारात्मक वातावरण ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या अनुराधा जैन ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी और शिक्षण स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि यह परिणाम टीम वर्क और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। वही, विद्यालय परिसर में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है और अभिभावकों ने भी छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

Author: Daily Himachal News
About The Author










