Search
Close this search box.

एक साल में किया व्यवस्था परिवर्तन, 4 साल में हिमाचल को बनाएंगे आत्मनिर्भर : मुख्यमंत्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेली हिमाचल न्यूज़ : धर्मशाला

वर्तमान राज्य सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर जिला कांगड़ा के धर्मशाला में आयोजित ‘व्यवस्था परिवर्तन का एक साल’ राज्य स्तरीय समारोह के अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार आम लोगों की सरकार है, जिसमें महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों सहित हर वर्ग को सम्मान मिल रहा है। इस अवसर पर उन्होंने लाहौल-स्पिति जिला की 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को जनवरी माह से 1500 रुपए की राशि देने की घोषणा की और कहा कि सरकार निकट भविष्य में सभी महिलाओं के साथ किया गया वादा निभाएगी। जिन महिलाओं को अभी 1100 रुपए पेंशन के रूप में मिलते हैं, उन्हें भी अगले वर्ष से बढ़ाकर 1500 रुपए प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अगले वित्त वर्ष से विधवा महिलाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन करने की घोषणा भी की। उन्होंने दूध का खरीद मूल्य 6 रुपए बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनवरी, 2024 से गोबर खरीद योजना शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला किसानों की समृद्धि की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इसी वर्ष राज्य ने इतिहास की सबसे बड़ी आपदा का सामना किया। इस त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए सरकार विधानसभा में संकल्प लेकर आई, लेकिन भाजपा वहां भी प्रभावितों के साथ खड़ी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से अभी तक कोई विशेष पैकेज प्राप्त नहीं हुआ है, इसके बावजूद अपने सीमित संसाधनों से राज्य सरकार ने 4500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज घोषित किया, ताकि प्रभावितों को उचित सहायता प्रदान की जा सके। इस अवसर पर ओपीएस यूनियन ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को सम्मानित किया।

उपलब्धियों भरा रहा प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल : उप-मुख्यमंत्री

इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार का एक साल का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है, लेकिन भाजपा आदतन प्रदर्शन कर रही है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश में स्थिर सरकार काम कर रही है, जो पूरे पांच साल लोगों की सेवा करेगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने 92 हजार करोड़ रुपए की देनदारियां व कर्ज विरासत में छोड़ा, जिसमें 12 हजार करोड़ रुपए की कर्मचारियों की देनदारियां थी। उन्होंने कहा कि सभी गारंटियां पूरी करना सरकार का राजधर्म है और हर हाल में यह पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ओपीएस देने से साफ इनकार किया, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे सबसे पहले पूरा किया। पिछली सरकार के कार्यकाल में हर भर्ती में घोटाला हुआ, जबकि आज पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता प्रदेश में बुरी तरह हारने के बाद आज दूसरे राज्यों में चुनावी जीत का जश्न मना रहे हैं तथा उनकी हालत बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा को करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा।

जल्द निभाया जाएगा महिलाओं से किया वादा : प्रतिभा सिंह

कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस एक साल के कार्यकाल में प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक कार्यक्रम आरम्भ किए गए हैं ताकि उनका सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किए गए वादे को आने वाले समय में निभाया जाएगा। उन्होंने ओपीएस बहाल करने के लिए सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि हिमाचल में अभूतपूर्व आपदा के बीच मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सराहनीय कार्य किया। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ लेकिन राज्य सरकार ने तुरंत कदम उठाए और प्रभावितों को राहत प्रदान की। आपदा में प्रदेश को विशेष आर्थिक सहायता के लिए उन्होंने सभी सांसदों से मिलकर प्रधानमंत्री से मिलने की अपील की, लेकिन भाजपा सांसदों ने इस में कोई रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों की दिल खोल कर मदद की, जिसके लिए राज्य सरकार बधाई की पात्र है।

विपरीत परिस्थितियों में सरकार ने लिए ऐतिहासिक निर्णय : सुधीर शर्मा

स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा ने राज्य सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने व्यवस्था परिवर्तन का संकल्प लेकर विपरीत परिस्थितियों में इस दौरान ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। आपदा के दौरान मुख्यमंत्री ने जमीनी हालात को समझा और 4500 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज प्रभावित लोगों को प्रदान किया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी का दर्जा दिया गया है और जिला के लोग राज्य सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने कांगड़ा जिला के लिए नई सोच रखने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार भी व्यक्त किया।

धर्मशाला में दिखी मिनी हिमाचल की झलक :

राज्य सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर धर्मशाला में मिनी हिमाचल की झलक देखने को मिली। अलग-अलग जिलों से आए कलाकारों ने अपनी-अपनी समृद्ध संस्कृति का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला को कांगड़ा पेंटिंग व शॉल-टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इससे पहले युद्ध स्मारक धर्मशाला पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा ट्रेंड्स मॉल से सभा स्थल तक पैदल रोड शो भी निकाला गया, जिसमें सैंकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने जिलों के पारंपरिक परिधान पहनकर रोड शो में शामिल हुए।

Read More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!