
मंडी : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की कारगुजारियों से त्रस्त हो चुकी है। भाजपा सरकार के इस कार्यकाल में उपलब्धियां कम और भ्रष्टाचार और घोटालों के मामले ज्यादा हैं। कांग्रेस विधानसभा चुनावों में इन्हें मुद्दा बनाएगा और अपनी जनकल्याणकारी नीतियों के साथ प्रदेश की गददी पर सत्तासीन होगी। सुंदरनगर के सुकेत सदन में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती मामला हो या फिर जेओए परीक्षा का मामला। लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करते हुए सरकार ने ऐसे कृत्यों को अंजाम दिया है। लेकिन प्रदेश की जनता सब जानती है। लोगों की भावनाओं से खेलने से कीमत भाजपा को विधानसभा चुनावों में हार से चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि इन साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में भाजपा की अपनी कोई उपलब्धि नहीं है। पूर्व में कांग्रेस द्वारा किए विकास कार्यों पर अपने नाम की पट्टिकाएं लगाकर वाहवाही बटोरी जा रही है। इस कार्यकाल में सिर्फ भ्रष्टचार के मामलों में बढ़ौतरी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से एकजुट है। कांग्रेस का हर सिपाही पार्टी के निर्देशों के तहत कार्य कर रहा है। आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश अग्रिहोत्री, सुधीर शर्मा, सोहन लाल ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Author: Daily Himachal News
