देश में अब तक हुए मतदान के बाद निकल गई है भाजपा की हवा :  विक्रमादित्य सिंह

1 min read

डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी

मंडी जिला के सदर में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि देश में अब तक हुए मतदान में भाजपा की हवा निकलना शुरू हो गई है। आज पूरे देश में राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं और इस बदलाव की लहर दक्षिण और उत्तर-पूर्व भारत से चल पड़ी है। बता दें कि मंडी संसदीय से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह 25 से 30 अप्रैल तक मंडी जिला के चुनावी प्रचार पर हैं। शुक्रवार को विक्रमादित्य सिंह ने बल्ह व सदर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। सदर पहुंचने पर कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने स्व. पंडित सुखराम व उनके कार्यों को याद करते हुए कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र पंडित सुखराम की रणभूमि रही है। सदर की राजनीति में आज परिस्थितियां चाहे कुछ भी हो लेकिन पंडित सुखराम की लेगेसी (परंपरा) कांग्रेस में ही है। देश प्रदेश में सभी विकास कार्य पंडित सुखराम ने कांग्रेस पार्टी में रहकर ही किए हैं। ऐसे में उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का श्रेय कांग्रेस को ही मिलना चाहिए।

अपने संबोधन में विक्रमादित्य सिंह भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत को घेरते हुए भी नजर आए। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए अपना विजन बताए बिना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर ही वोट मांग रही है। जो नेतृत्व कंगना आज चुनावों में दिखा रही हैं, ऐसा ही समर्पित नेतृत्व कंगना को आपदा में दिखाना चाहिए था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!