
डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर के पुत्र अभिषेक ठाकुर ने लोकसभा चुनाव 2024 में मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है। अभिषेक ठाकुर ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उनके व कार्यकर्ताओं द्वारा विक्रमादित्य सिंह का समर्थन किया जाएगा। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी में जाने की अटकलो को लेकर अभिषेक ठाकुर ने कहा की अभी उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण नहीं की है लेकिन आने वाले समय में इस जरूर विचार किया जाएगा। अगर उन्हें कांग्रेस पार्टी की ओर से समर्थन मिलता है तो वह जरूर कांग्रेस पार्टी के साथ चलेंगे। अभिषेक ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा उन्हें पिछले 12 वर्षों से लगातार दरकिनार किया गया है उन्हें 2012 के बाद भाजपा के किसी भी कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया। वह राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं उन्हें जिस ओर से समर्थन प्राप्त होगा वह उसके साथ चलने को हमेशा तैयार हैं। लेकिन कुछ लोग बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं जिसका जवाब आने वाले समय में जनता द्वारा उन्हें दिया जाएगा। अभिषेक ठाकुर ने कहा कि वह लोगों की सेवा करने के लिए राजनीति में आए हैं इसी के चलते 2022 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ा गया था। जिसमें जनता का भी उन्हें भारी समर्थन प्राप्त हुआ था।


बता दे की विधानसभा चुनाव 2022 में अभिषेक ठाकुर ने सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। लेकिन वह जीत हासिल नहीं कर पाए और 14708 मत हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।

Author: Daily Himachal News
