
मंडी (नितेश सैनी) आजकल के युग में देवी-देवताओं के प्रति आस्था और श्रद्धा का भाव कम होता जा रहा है। इसलिए यह सभी लोगों का दायित्व है कि इस श्रद्धा भाव को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रयत्न करना चाहिए। यह बात मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने कुल देवता और सराज क्षेत्र के बड़ा देव श्री विष्णु मतलोड़ा के नवनिर्मित देव रथ की प्रतिष्ठा के कार्यक्रम उत्सव के दौरान कही। बता दें कि सीएम जयराम ठाकुर ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के शिकावरी दौरे के दौरान अपनी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर के साथ देव श्री विष्णु मतलोड़ा के दर शीश नवाया गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की संस्कृति,संस्कार और देवी-देवताओं के प्रति आस्था को आने वाली पीढ़ी के लिए संजोए रखने के लिए कार्य करना चाहिए। देव विष्णु मतलोड़ा का मंदिर एक एतिहासिक स्थान बनता जा रहा है। मंदिर के निर्माण के बाद कई बाधाएं आने के बावजूद लोगों के सहयोग से आज मंदिर और देवता का भव्य स्वरूप बना है।

Author: Daily Himachal News
