
डेली हिमाचल न्यूज़ : सुंदरनगर
श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या से पूजित अक्षत कलश रविवार को सुंदरनगर शहर के विभिन्न वार्डों में पहुंच गए हैं। इस अवसर पर सैंकड़ों की संख्या में
श्रद्धालुओं द्वारा जोरदार स्वागत किया। अक्षत कलश के स्वागत में लोगों के जय श्रीराम के उद्घोषों से पूरा सुंदरनगर शहर गुंजायमान हो उठा। वहीं पूजित अक्षत कलशों को लेकर शिव मंदिर महादेव में एक विशेष कार्यक्रम और भव्य शोभा यात्रा का भी आयोजन किया गया। शोभायात्रा यात्रा शिव मंदिर महादेव से शुरू होकर कई किलोमीटर की दूरी तय कर डोडेश्वर महादेव मंदिर चतरोखड़ी में संपन्न हुई। लोगों ने सुंदरनगर शहर में शोभायात्रा के दौरान भजनों से भगवान राम की महिमा का गुणगान किया। इसके उपरांत लोगों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों को संबंधित पूजित कलशों को नियमानुसार ले जाया गया। जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के संगठनात्मक जिला सुंदरनगर के अध्यक्ष रोहताश वर्मा ने कहा कि अयोध्या नगरी से हर जिले को भेजे गए पूजित अक्षत कलश शिव मंदिर महादेव में स्थापित किए गए थे। जिन्हें आज 16 कलशों के माध्यम से विभिन्न स्थानों के लिए भेज दिया गया है। इस दौरान गाड़ी में रखे गए कलशों को नगर का भ्रमण करवा कर डोडेश्वर महादेव मंदिर में शोभायात्रा की समाप्ति के बाद कलशों को विभिन्न स्थानों के धार्मिक स्थलों में स्थापना के लिए दायित्वान कार्यकर्ताओं के माध्यम से भेज दिया गया है। 1 से 15 जनवरी तक हर घर में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया जाएगा। लोगों से आग्रह किया जाएगा कि 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम मंदिर के गर्भ गृह में विराजमान होंगे उस दिन लोग अपने घरों और मंदिरों को भव्य रूप से सजाएं। इस दिन मंदिरों में लाइव प्रसारण की व्यवस्था भी की जाएगी और लोगों द्वारा श्री राम जय राम जय जय राम मंत्र का जाप और भजन कीर्तन किया जाएगा।


Author: Daily Himachal News
