
डेली हिमाचल न्यूज़ : सुंदरनगर – मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत ध्वाल पंचायत के मनोग गांव में पेयजल आपुर्ति की समस्या को लेकर प्रकाशित हुई खबर के कुछ घंटे बाद ही ग्रामीणों की समस्या का हल हो गया है। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। जानकारी देते हुए जल शक्ति मंडल सुंदरनगर के अधिशाषी अभियंता रजत गर्ग ने बताया कि विभाग द्वारा 11 जून को गांव मनोग ग्रांम पंचायत ध्वाल की पेयजल योजना का निरीक्षण किया गया और पाया गया कि गांव मनोग को पेयजल आपूर्ति की मुख्य लाईन को कुछ शरारती तत्वों द्वारा लकड़ी डाल कर विभिन्न जगहों से ब्लॉक कर दिया था जिस कारण पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। विभागीय कर्मचारीयों द्वारा पाईपों को दरुस्त कर पेयजल आपुर्ति बहाल कर दी गई है।
इसके साथ ही रजत गर्ग ने बताया कि गांव डुग्घा घुराणा, ग्रांम पचांयत कांगू की बाधित पेयजल आपूर्ति को दो दिन में बहाल कर दिया जाएगा। इस गांव को आंशिक रूप से दूसरे स्त्रोत से पानी की आपूर्ति की जा रही है और डुग्घा घुराणा की मुख्य पाईप लाईन को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कांगू के अन्य गांव जैसे जखौल, रतोग को सरोनी स्त्रोत से पेयजल आपूर्ति की जाती है। लेकिन अत्याधिक गर्मी के कारण स्त्रोत में पानी की मात्रा 25% ही है। जिस कारण पेयजल आशिंक रुप से उपलब्ध करवाया जा रहा है। विभाग द्वारा जखौल और रतोग को उचित मात्रा में पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए इस क्षेत्र को बहाव पेयजल योजना अलसू-कांगू से जोड़ा जा रहा है और यह कार्य दो से तीन दिन में पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल शक्ति मंडल सुंदरनगर के अन्तर्गत सूखे की स्थिति की बजह से 15 पेयजल योजनाओं के डिस्चार्ज में भारी कमी आ गई है। जिसके कारण पेयजल की मात्रा में कटौती की जा रही है। विभाग सभी उपभोक्ताओं से पेयजल के सदुपयोग की आशा करता है।


Author: Daily Himachal News
