
डेली हिमाचल न्यूज़ : मनाली –
अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल इन दिनों अपनी मां के साथ समय बिताने पर्यटन नगरी मनाली की खूबसूरत वादियों में पहुंची हैं। रविवार को साइना ने हिडिम्बा माता मंदिर में माथा टेककर सुख व समृद्धि का आशीर्वाद लिया तथा घटोत्कच मंदिर में भी माथा टेका। साइना ने माता हिडिम्बा के पुजारी से माता हिडिम्बा का इतिहास भी जाना तथा कुछ एक पर्यटकों से भी बातचीत की। इससे पहले उन्होंने अपनी माता के साथ अटल टनल व पर्यटन स्थल सिस्सू को निहारा तथा बर्फ की वादियों में खूब मस्ती की। साइना ने सिस्सू के वैली ब्रिज पर भी मस्ती की तथा साहिसक खेलों का भी आनंद उठाया। सिस्सू के पर्यटन कारोबारी संगीता बोध व निर्मला बोध ने बताया कि साइना ने बर्फ से ढकी सिस्सू की वादियों में फोटोग्राफी की तथा अपने प्रशंसकों के साथ भी फोटो खिंचवाए। साइना ने लाहौल की शीत मरुस्थल घाटी सहित पर्यटन नगरी मनाली को स्विट्जरलैंड जैसा सुंदर बताया और यहां की सुंदरता बनाए रखने की बात कही।


Author: Daily Himachal News
