
…..
डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी

…..
पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के कुक्लाह में 70 प्रभावित परिवारों को 10 लाख 50 हजार की कीमत वाले टेंट और 2 लाख से अधिक की राहत राशि बांटी। यह टेंट और राहत राशि नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष एवं हिमालया पुत्रा ट्रस्ट के संचालक चमन कपूर द्वारा मुहैया करवाई गई थी। यह वे टेंट हैं जिन्हें सेना इस्तेमाल करती है और एक टेंट की कीमत 15 हजार है। इस टेंट में 7 से 8 लोग आसानी से रह सकते हैं। पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इसके लिए चमन कपूर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि चमन कपूर ने प्रभावितों की मदद के लिए जो कार्य किया है वो सराहनीय है। भारी बारिश के कारण प्रदेश में बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है और बहुत सी संस्थाएं व दानी सज्जन प्रभावितों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। ऐसे आपसी सहयोग से ही प्रभावितों की मदद की जा सकती है और ऐसे पुनीत कार्य में चमन कपूर जैसे लोग उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा भी लिया और प्रभावितों को भविष्य में भी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
अब तक 200 के करीब प्रभावितों को बांट चुके हैं टेंट : चमन कपूर :
नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष एवं हिमालया पुत्रा ट्रस्ट के संचालक चमन कपूर ने बताया कि वे अभी तक 200 प्रभावितों को इस प्रकार के टेंट बांट चुके हैं। इसमें 100 टेंट सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में बांटे गए थे जबकि 15 टेंट नगवाईं में रह रहे सराज विधानसभा क्षेत्र के प्रभावितों को जयराम ठाकुर जी के निर्देशों पर ही मुहैया करवाए गए थे। आज 70 और प्रभावितों को मदद मुहैया करवाई गई है। भविष्य में जयराम ठाकुर द्वारा जहां भी मदद पहुंचाने के निर्देश मिलेंगे वहां पर मदद पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर गरीब परिवार से निकले हुए व्यक्ति हैं और गरीबों का दर्द जानते हैं। इसलिए दिन रात भागदौड़ करके प्रभावितों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि टेंट और राहत राशि मुहैया करवाने में मेक माई ट्रिप फाउंडेशन, रोटरी क्लब मनाली और बहुत से दानी सज्जनों का सहयोग रहा है। यह मदद सभी के प्रयासों से पहुंचाई जा रही है।

Author: Daily Himachal News
