
डेली हिमाचल न्यूज़ : हमीरपुर – मंडी
हमीरपुर में संपन्न हुई वन विभाग की 24वीं राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स एंड डयूटी मीट में वन वृत मंडी के खिलाड़ियों ने 22 मेडल अपने नाम करने में सफलता हासिल की है। इसके साथ ही ओवरआल चैंपियन का दूसरा खिताब भी अपने नाम किया है। वहीं, महिला कर्मियों की टीम ने वॉलीबाल में पहला और कबड्डी में दूसरा स्थान हासिल किया है। जीते गए मेडल में 5 गोल्ड, 9 सिल्वर और 8 ब्रांज मेडल शामिल हैं। हमीरपुर में आयोजित हुई स्पोर्ट्स एंड डयूटी मीट में प्रदेश के सभी 12 वन वृतों से आए कर्मचारी व अधिकारी खिलाड़ियों ने भाग लिया। मंडी वन वृत के सभी पांचों मंडलों के खिलाड़ी मुख्य वन अरण्यपाल भा.व.से. अजीत ठाकुर और हि.प्र.व.से. अवरीश शर्मा की अध्यक्षता में इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए गए हुए थे। गोल्ड मेडल जीतने वालों में 5000, 1500 और 800 मीटर रेस में कुलविंदर (तीन गोल्ड मेडल), हाई जम्प में धर्मेंद्र गुलेरिया और महिलाओं की वॉलीबाल टीम का नाम शामिल है।

सिल्वर मेडल जीतने वालों में 5000 मीटर रेस में संगीता, डिस्कस थ्रो में प्रिया ठाकुर, चेस में सुरभी शर्मा, बेडमिंटन सिंगल में पूजा ठाकुर, बेडमिंटन डबल में पूजा और प्रिया, हाई जम्प में कमला देवी, लांग जम्प में धर्मेंद्र गुलेरिया और महिलाओं की कबड्डी टीम का नाम शामिल है। इसी तरह ब्रांज मेडल जीतने वालों में 1500 मीटर रेस में चंपा देवी, जेबलिन थ्रो में प्रिया ठाकुर, शॉर्ट पुट, जेबलिन थ्रो और डिस्कस थ्रो में कमला देवी (तीन ब्रांज मेडल) का नाम शामिल है। मुख्य अरण्यपाल वन वृत मंडी अजीत ठाकुर ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है।

Author: Daily Himachal News
