
डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी – नेरचौक – हिमाचल प्रदेश में तीन विधानसभा क्षेत्रों में हुए उप-चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने दो सीटों पर जीत हासिल की। जिससे कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। इसको लेकर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश संयोजक व बल्ह विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता राजकुमार चौधरी ने कहा कि जनता ने धनबल को हराया है और जनबल की जीत हुई है। यह प्रदेश के मतदाताओं के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं की जीत है। प्रदेश की जनता ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को नकार कर अपना वोट राज्य में राजनीतिक पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए दिया है। देहरा में 25 वर्षों के बाद कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है और नालागढ़ में भी कांग्रेस प्रत्याशी बड़े अंतर से जीती हैं। हिमाचल प्रदेश में अब कोई भी पार्टी कई वर्षो तक खरीद-फरोख्त की राजनीति करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएगी और प्रदेश से यह संदेश पूरे देश की राजनीति में जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा की बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा का ऑपरेशन लोटस पूरी तरह से फेल हुआ है। राजकुमार चौधरी ने इस जीत पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित प्रदेश के तमाम कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को दिया है जिन्होंने दिन रात मेहनत कर इन दोनों सीटों को जिताने में भरपूर सहयोग किया है।
राजकुमार चौधरी ने कहा कि फरवरी 2024 में प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर चुनी हुई भाजपा नेताओं ने सरकार को गिराने का षडयंत्र रचा, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के विधायकों की संख्या एक बार फिर 40 हो गई है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बार-बार भाजपा की दो सरकारें बनाने की बातें करते थे, लेकिन उनका ऑपरेशन लोट्स फेल हो गया है। जनता से सबक मिलने के बावजूद भी नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर प्रदेश के लोगों को ठगने और गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा की कांग्रेस की सरकार प्रदेश में पूरे 5 साल अपना कार्य करेगी।


Author: Daily Himachal News
About The Author
