December 2, 2023

हिमाचल : आपदा के समय जनता पर बोझ डाल रही प्रदेश सरकार : राजेंद्र गर्ग

1 min read

डेली हिमाचल न्यूज़ : बिलासपुर-घुमारवीं – विनोद चड्डा

पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जहां इस वक्त बहुत बड़ी त्रासदी हुई है वहीं दूसरी ओर सरकार लोगों को राहत देने के बजाय डीजल पर तीन फीसदी वैट बढ़ाकर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि डीजल के दाम बढने से महंगाई बढ़ जाएगी। इस बढ़ोतरी से लोगों की रोजमर्रा की चीजों के दाम निश्चित तौर पर बढ़ेंगे। जिससे लोगों की आर्थिक स्थिति और भी खराब होगी। डीजल पर वैट बढ़ाना तर्कसंगत नहीं है। डीजल महंगा होने से हर चीज महंगी हो जाएगी। जिसका असर अब धीरे धीरे दिखाई देना शुरू हो गया है। उन्होंने आरोप जड़ा कि सरकार ने डीजल पर तीन रुपए तो पहली कैबिनेट में ही बढ़ा दिए थे और अब तीन रुपए और बढ़ाकर हिमाचल के लोगों को संकट में डालने का काम किया है, जो बिलकुल भी तर्कसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि महंगाई का रोना रोने वाली प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने 7 महीनों में ही डीजल के दाम दो बार बढ़ा दिये हैं।

राजेंद्र गर्ग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस बार बारिश से भारी तबाही हुई है। कई लोगों की बहुमूल्य जाने चली गई हैं। करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है, जिसमें सरकारी और निजी संपत्ति भी शामिल है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों लोगों के जीवन यापन के साधन तक नष्ट हो गए हैं। इन परिस्थितियों में प्रदेश सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए जिससे प्रदेश की जनता को राहत मिल सके। लेकिन सरकार आपदा की इस घड़ी में लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!