मंडी : हजारों संस्थान बंद करने वालों को वोट क्यों दे जनता : जयराम ठाकुर

1 min read

डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी

पूर्व मुख्यमंत्री एवम नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नाचन विधानसभा क्षेत्र के सेगली में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि मंडी में शासन का अधिकार सिर्फ़ एक परिवार को है। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि आपका परिवार आठ बार मंडी का प्रतिनिधित्व कर चुका है। फिर भी विकास नहीं कर पाए। इतने वर्षों के बाद भी आज विकास के झूठे सपने दिखाए जा रहे हैं जबकि जनता तय कर चुकी है कि अब विकास देश में केवल नरेंद्र मोदी की गारंटी ही करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज हमारी प्रत्याशी कंगना रनौत पर लांछन लगाने की राजनीति कर रही है जबकि इन्होंने फिल्मी करियर में प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किए हैं। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि हम हिमाचल से चारों सीटें जीतकर देंगे। जब देश ने तय कर लिया है कि आयेंगे तो मोदी ही। फिर कांग्रेस को आखिर वोट लोग क्यों दें। ऐसा नेतृत्व जिसका देश ने पहले ही तय कर लिया है वो फिर से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। आज भारतीय जनता पार्टी हमारे कर्मठ राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। इन्होंने एम्स जैसा संस्थान हमें दिया जिससे अब हमें चंडीगढ़ या दिल्ली नहीं जाना पड़ता। ये सुविधा केंद्र सरकार ने दी जिसका लाभ आज पूरे हिमाचल को हो रहा है। आपदा में केंद्र सरकार ने दिल खोलकर हिमाचल की मदद की है। यही हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी आपदा में सबसे पहले हमारा दुःख दर्द सुनने पहुंचे और उसी दिन केंद्र से करोड़ों की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई। प्रदेश सरकार ने एक भी पैसा आपदा राहत में खर्च नहीं किया और कह रहे हैं कि केंद्र ने कोई मदद नहीं की। मंडी से इन 15 महीनों में कांग्रेस सरकार ने भेदभाव ही किया है। पूरे प्रदेश में एक हजार संस्थान इन्होंने बंद कर दिए। मंडी में शिवधाम और एयरपोर्ट का काम बंद किया। अकेले मंडी संसदीय क्षेत्र से करीब पांच सौ संस्थानों पर उन्होंने ताला लगा दिया फिर किस मुंह से इनके नेता वोट मांगने जनता के बीच जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत यहां से रिकार्ड मतों से जीतकर दिल्ली जाएंगी और अवश्य ही बॉलीवुड की तरह राजनीति में भी नाम रोशन करेंगी। 

इस मौके पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवम उतर क्षेत्र प्रभारी सौदान सिंह, प्रदेशाध्यक्ष  राजीव बिंदल, केंद्रीय राज्य मंत्री रहे अजय  टम्टा, पूर्व। मंत्री और मंडी के प्रभारी गोविंद सिंह ठाकुर, सह प्रभारी नाचन के विधायक विनोद कुमार सहित अन्य विधायक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!