
डेली हिमाचल न्यूज़ : मंडी – भारतीय जनता पार्टी का कोई मुख्यमंत्री और मंत्री अपनी आवाज हाईकमान के समक्ष रखने की हिम्मत नहीं रखता है। पूर्व सीएम जयराम ठाकुर प्रदेश की आवाज को बेबाकी से केंद्र सरकार के समक्ष नहीं रख पाए हैं। यह बात प्रदेश पीडब्ल्यूडी मंत्री एवं मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी प्रभारी विक्रमादित्य सिंह ने आज मंडी में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। इस मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों की विशेष बैठक की अध्यक्षता भी की। उन्होंने कहा कि जहां हम खड़े हैं वहां हमेशा खड़े हुए हैं। भाजपा में हालात यह है कि किसी नेता को मोदी का फोन एक फोन आने पर उनके सुर अपने आप बदल जाते हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी में केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष अपनी बात मजबूती से रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि जब जयराम ठाकुर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी तो वे 25 साल के लिए सूबे का मुख्यमंत्री बनने की बड़ी-बड़ी बातें करते थे। लेकिन मात्र 5 वर्ष के कार्यकाल में ही जयराम ठाकुर की हवा निकल गई है। विक्रमादित्य ने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी 4 जून को सभी लोकसभा सीटों और 6 विधानसभा क्षेत्रों के उप चुनावों में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार 2027 तक अपना कार्यकाल पूरा करेगी।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत पर तीखा जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि आज कंगना रनौत अपने आप को मंडी की बेटी बोलती है। लेकिन आपदा के समय कंगना प्रभावितों के लिए कोई भी कार्य नहीं कर पाई हैं। उन्होंने कहा कि मंडी की बेटी होने पर कंगना का आपदा के समय प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करना उनका फर्ज बनता था। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह ने हर प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया है और निजी और सांसद निधि से प्रभावितों की सहायता की गई। उन्होंने कहा कि इन सबका जबाब मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता लोकसभा चुनाव में करेगी।


Author: Daily Himachal News
About The Author
